उत्तराखंड

दून को स्वच्छ बनाने की पहल, सिटीजन फोरम ने लॉन्च किया ऐप

देहरादून, शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर देहरादून सिटीजन फोरम ने बड़ा कदम उठाते हुए एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फोरम के संरक्षक अनूप नौटियाल और जगनमोहन मेंहदीरत्ता ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मेयर द्वारा सफाई व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है।

फोरम ने “न जलाओ, न छिपाओ, न बहाओ” स्लोगन के साथ कूड़ा रहित देहरादून बनाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान अनूप नौटियाल ने कहा कि शहर में फैला कचरा गंभीर चिंता का विषय है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दून में कूड़ा होना ही नहीं चाहिए और कूड़ा जलाने की परंपरा पूरी तरह समाप्त होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि करीब 15 लाख की आबादी वाले शहर के नागरिकों को जोड़ने के लिए यह ऐप लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से लोग सफाई से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। साथ ही फोरम नगर निगम और मेयर की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखते हुए “आईना दिखाने” का काम भी करेगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि स्वच्छता पेट्रोलिंग प्रभावी रूप से नहीं हो रही है। मेयर द्वारा समय-समय पर किए गए कई वादे भी पूरे नहीं हुए हैं। इस अवसर पर फोरम की ओर से एक रिपोर्ट कार्ड भी मीडिया के सामने प्रस्तुत किया गया।

अनूप नौटियाल ने भाजपा संगठन से भी अपील की कि वह पर्यावरण और सफाई व्यवस्था पर ध्यान दे तथा देहरादून नगर निगम में एक महिला को डिप्टी मेयर बनाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों की बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कर सख्त नियम लागू किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ देहरादून के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। कार्यक्रम में फोरम के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button