उत्तराखंड

कर्तव्यनिष्ठा और प्रतिबद्धता की अद्भुत मिसाल

देहरादून/विकासनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तराखंड प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग (महाविद्यालयीन विद्यार्थी, तरुण व्यवसायी एवं विशेष) के अंतर्गत रविवार को भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पथ संचलन में 300 से अधिक शिक्षार्थियों तथा 100 से अधिक शिक्षकों एवं व्यवस्था में लगे स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में घोष वादन के साथ भाग लिया। स्वयंसेवकों ने अनुशासित पंक्तियों में संचलन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन का परिचय दिया। पथ संचलन हिमालयन स्कूल से प्रारंभ होकर गीता भवन, पहाड़ी गली चौक, डाकपत्थर तिराहा, अस्पताल मार्ग, 28 फीटा रोड एवं सिनेमा गली से होते हुए पुनः हिमालयन स्कूल पहुंचकर संपन्न हुआ। संचलन मार्ग पर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मातृशक्ति ने भी पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित होकर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। पूरे मार्ग में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि इन दिनों विकासनगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संघ शिक्षा वर्ग संचालित हो रहा है, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ग में स्वयंसेवकों को संगठनात्मक कार्यपद्धति, व्यक्तित्व विकास, शारीरिक एवं बौद्धिक प्रशिक्षण के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

संघ शिक्षा वर्ग का समापन आगामी 14 जून को सायं 5 बजे होगा। समापन समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, गणमान्य नागरिकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर अखिल भारतीय सह सम्पर्क प्रमुख भारत भूषण , वर्ग सर्वाधिकारी लोकपाल , विष्णु , वर्ग कार्यवाह रविन्द्र , चंदन , वर्ग पालक मनोहर , राकेश बड़ोनी , वर्ग व्यवस्था प्रमुख संदीप , माननीय जिला संघ चालक देवराज , सह विभाग प्रचारक सौरभ , मुख्य शिक्षक राहुल , पूरण , सह मुख्य शिक्षक रमेश एवं कमल  सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button