उत्तराखंड

हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन आरोपियों तक पहुंची पुलिस

देहरादून: बैरागीवाला हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन और उसके दो साथियों सावेज व आजम को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 की शाम सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के नामजद और 30-40 अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां विनोद कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में बीएनएस की धाराओं 103, 109, 191(2) एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित कर उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने इससे पहले रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतजार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था।

लगातार की जा रही सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी अमन तथा उसके साथी सावेज और आजम की लोकेशन हरियाणा में ट्रेस की। इसके बाद यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न राज्यों में दबिश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button