उत्तराखंड

परेड ग्राउंड और आसपास अवैध पार्किंग पर आरटीओ की कड़ी कार्रवाई, 5 बसें सीज, चालान और मुकदमा

देहरादून: परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट (Parade Ground, Tibetan Market) और लैन्सडाउन चौक पर यातायात जाम और अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाई। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में इंटरसेप्टर टीम और बाईक स्क्वायड ने आज मौके पर निरीक्षण कर पांच बसों को जब्त कर रेंजर्स ग्राउंड में सीज कर दिया।

डॉ. चमोला ने वाहन स्वामियों और यूनियन प्रतिनिधियों को कार्यालय बुलाकर सख्त हिदायत दी कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें। भविष्य में उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई। एक टाटा मैजिक चालक को नो-पार्किंग जोन में सवारियां भरते पकड़ा गया। जब टीम ने प्रपत्र मांगे तो चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, जिसे सीज कर चालक को लाइसेंस समेत कार्यालय पेश होने का आदेश दिया गया।

इस दौरान आठ वाहनों के चालान भी काटे गए। आरटीओ ने बताया कि इन क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था पहले से उपलब्ध है, फिर भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान के साथ लाइसेंस पर भी कार्रवाई होगी। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर मुकदमा: अलग घटना में शिमला बाईपास पर परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत की चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अधिकारियों से अभद्रता की और कार्य बाधित किया।

पटेलनगर कोतवाली में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। डॉ. चमोला ने चेतावनी दी कि ऐसे उल्लंघनों पर लाइसेंस निलंबन जैसी सख्ती अमल में लाई जाएगी। परिवहन विभाग का यह अभियान शहर में यातायात सुगमता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button