उत्तराखंड

ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने फेडी किमोड़ा में वेंडिंग साइट का किया उद्घाटन, महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर

टिहरी। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी (Ganesh Joshi) ने शुक्रवार को जनपद टिहरी के विकासखंड जौनपुर के फेडी किमोड़ा में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत निर्मित वे-साइड ईट्रीज का औपचारिक लोकार्पण किया। यह परियोजना माँ भवानी स्वायत्त सहकारिता भवन समूह को वित्तीय सहायता प्रदान कर स्थानीय महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री जोशी ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और कल्याण के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने गर्व से बताया कि राज्य में अब तक 1.65 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है, जो सरकारी योजनाओं की जमीन पर सफलता का जीता-जागता प्रमाण है।

ग्रामोत्थान परियोजना महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के सुनहरे अवसर मुहैया करा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। जोशी ने कहा कि वे-साइड ईट्रीज जैसी पहल न केवल स्थानीय महिलाओं को रोजगार देगी, बल्कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर पर्यटन को नई गति भी प्रदान करेगी। इससे ग्रामीण इलाकों में आय के नवीन स्रोत खुलेंगे।

उन्होंने समूह की महिलाओं को हार्दिक बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह मॉडल अन्य समूहों के लिए प्रेरणा बनेगा। इस मौके पर उपनल कर्मियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को उठाते हुए मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, जिला पंचायत सदस्य ममता, ग्राम प्रधान सतपाल पंवार, सुभाष पंवार, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, रिप परियोजना प्रबंधक ब्रह्मकांत भट्ट, अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button