छात्रों को क्लाउड कंट्रोल और AWS में व्यावहारिक कौशल सिखाया

देहरादून, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में छात्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से ‘क्लाउड इग्नाइट’ वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को अमेजॉन वेब सर्विसेज (AWS) के माध्यम से वेबसाइट निर्माण एवं प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
वर्कशॉप के दौरान छात्रों ने एडब्ल्यूएस प्लेटफॉर्म पर वेबसाइट बनाना, यूज़र एक्सेस मैनेजमेंट, कंटेंट डिलीवरी तथा डोमेन मैनेजमेंट की बारीकियां सीखीं। इसके साथ ही वेबसाइट को इंटरनेट पर लाइव करने की प्रक्रिया और क्लाउड फ्रंट व रूट 53 जैसे टूल्स के उपयोग से वेबसाइट को बेहतर तरीके से संचालित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीन ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डी. आर. गंगोडकर ने कहा कि वर्तमान समय में टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री तेजी से विकसित हो रही है, ऐसे में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। छात्रों को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए व्यावहारिक अनुभव, हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और कौशल विकास आवश्यक है।
वर्कशॉप का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के एडब्ल्यूएस क्लब द्वारा किया गया। इस अवसर पर एडब्ल्यूएस फैकल्टी मेंटोर डॉ. अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



