उत्तराखंड

देहरादून से सीधे रुड़की पहुंचे डीएम सविन बंसल — आंगनबाड़ी सप्लाई गोदाम पर छापा, कई गंभीर गड़बड़ियां उजागर

देहरादून/रुड़की: मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर सप्लाई हो रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की स्थित सेंट्रल गोदाम पर अचानक छापेमारी की। विभिन्न माध्यमों से मिल रही शिकायतों के बाद डीएम स्वयं देहरादून से रुड़की पहुंचे और माडी चौक स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। गोदाम में रखी खजूर और केले के चिप्स के पैकेटों पर मैन्युफैक्चर और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई। कई पैकेटों पर तिथि स्पष्ट रूप से अंकित नहीं थी, जबकि कुछ पैकेटों पर छपी तिथि की जगह स्टैंप लगाकर तिथि अंकित की गई थी, जिससे सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक भी काम करते पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पाया कि गोदाम का संचालन भी मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यक टेंपरेचर मेंटेन करने की कोई व्यवस्था नहीं थी। वहीं रजिस्टर भी अद्यतन नहीं पाए गए और सामग्री आपूर्ति करने वाली संस्था द्वारा जारी गुणवत्ता प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं कराए गए। सबसे गंभीर मामला यह सामने आया कि दिसंबर और जनवरी के अंडे तथा अन्य खाद्य सामग्री मार्च माह में आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरण के लिए भेजी जा रही थी, जिससे बच्चों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ की आशंका जताई गई।

जिलाधिकारी ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए रवाना हो रहे वाहनों को रुकवाकर सामग्री की सैंपलिंग भी कराई। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए सामग्री लेकर रवाना होने वाले थे। जांच में अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव, कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button