उत्तराखंड

महिला आरक्षण पर बीजेपी पर हमला, करन माहरा का बड़ा बयान

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य  करन माहरा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने देश की मातृशक्ति के साथ विश्वासघात किया है और अब अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए झूठ और भ्रम का वातावरण तैयार कर रही है। माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रबल पक्षधर रही है और वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का भी कांग्रेस ने मजबूती से समर्थन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस ऐतिहासिक कानून को लागू करने के बजाय इसे जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं में उलझाकर जानबूझकर टालने की रणनीति अपनाई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के बजाय इस मुद्दे को केवल चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है, ताकि जनता की भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लिया जा सके। संसद में हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए माहरा ने कहा कि परिसीमन और सीटों के पुनर्गठन से जुड़े संविधान संशोधन को इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध कर रहा हो, जबकि वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस न केवल महिला आरक्षण के पक्ष में है, बल्कि इसे बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने की मांग करती है, ताकि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।

माहरा ने कहा कि भाजपा का पूरा तंत्र देश को गुमराह करने में लगा हुआ है। उन्होंने 16 अप्रैल 2026 को जारी नोटिफिकेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे भी बड़े प्रचार अभियान का हिस्सा बनाया गया, जिससे यह भ्रम पैदा किया जा सके कि महिला आरक्षण लागू हो चुका है, जबकि वास्तविकता यह है कि महिलाओं को अभी तक अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की नीयत साफ है तो वर्तमान लोकसभा सीटों के भीतर ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता क्यों नहीं निकाला गया। माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा जानती है कि जैसे ही महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व मिलेगा, उसकी राजनीति की जमीन खिसक जाएगी, इसलिए वह इस मुद्दे को जानबूझकर लंबित रखे हुए है।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की मूल भावना के साथ खिलवाड़ कर रही है और महिलाओं के नाम पर केवल “राजनीतिक ड्रामा” कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। माहरा ने देश की जनता से अपील की कि वे भाजपा के इस कथित भ्रामक प्रचार को समझें, सच्चाई को पहचानें और महिलाओं के सम्मान एवं अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए आवाज उठाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button