उत्तराखंड

तीन राज्यों में विजय के बाद भाजपा में जश्न का माहौल, धामी बोले—देशभर में उत्सव

देहरादून। बंगाल समेत तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर राजधानी देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने होली और दिवाली एक साथ मनाते हुए रंग-गुलाल उड़ाया और आतिशबाजी की।

जश्न के बीच मुख्यमंत्री धामी ने इसे “गंगोत्री से गंगासागर तक भगवामय तस्वीर” बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस सफलता को 2029 के सेमीफाइनल और 2032 के फाइनल में उत्तराखंड में भी दोहराया जाएगा।

कार्यक्रम में बंगाल की झलक भी देखने को मिली। प्रवासी महिलाओं ने पारंपरिक धुनुची नृत्य प्रस्तुत किया, जिसमें मिट्टी के पात्र में नारियल और धूप जलाकर वातावरण को सुगंधित किया गया। साथ ही ‘उलू ध्वनि’ के जरिए खुशी का इजहार किया गया। कार्यकर्ताओं ने बंगाल की प्रसिद्ध झाल मुड़ी का भी आनंद लिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में असम में हैट्रिक, पांडिचेरी में लगातार दूसरी जीत और बंगाल में ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार आज विकास, सुशासन और जनकल्याण का प्रतीक बन चुकी है।” उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष की नीतियों को नकारते हुए भाजपा पर विश्वास जताया है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विशेष रूप से बंगाल की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए इसे जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि “यह जीत उन कार्यकर्ताओं के बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने वर्षों तक संघर्ष किया।”

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने भी इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार—“अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा”—आज पूरे देश में साकार हो रहे हैं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि यह विजय उत्सव प्रदेशभर में तीन दिनों तक मनाया जाएगा, जिसमें गांव-गांव और घर-घर तक कार्यकर्ता जनता के साथ इस जीत की खुशी साझा करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button