उत्तराखंड

पुलिस ने पकड़ी शराब तस्करी की खेप, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। आबकारी विभाग की टीम ने रायवाला क्षेत्र में देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक चार पहिया वाहन से करीब 240 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। पुलिस एवं आबकारी टीम ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार आबकारी टीम ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून को सूचना मिली थी कि रायवाला क्षेत्र से होकर एक वाहन में भारी मात्रा में कच्ची शराब ऋषिकेश लाई जा रही है। सूचना पर टीम ने सक्रियता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और सत्यनारायण मंदिर के समीप दोनों ओर से घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान वाहन से आठ कट्टों में भरी कच्ची शराब बरामद हुई। प्रत्येक कट्टे में 30-30 पाउच मिले, जिनमें लगभग एक-एक लीटर शराब भरी हुई थी। इस प्रकार कुल लगभग 240 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। मौके से गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि शराब काशीपुर के मुकुंदपुर क्षेत्र में तैयार की गई थी

और इसे ऋषिकेश के मनसा देवी क्षेत्र में बिक्री के लिए लाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में एक काशीपुर निवासी जबकि दो आरोपी मनसा देवी, ऋषिकेश के रहने वाले बताए गए हैं। आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने किया। टीम में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, उमराव राठौर, आशीष प्रकाश, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, दीपा, गोविंद, राकेश, हेमंत तथा कांस्टेबल आशीष चौहान और सोनम शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button