उत्तराखंड

वृक्ष लगाकर पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प, दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

देहरादून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बलभद्र खलंगा विकास समिति द्वारा डाट काली मंदिर से भद्रकाली मंदिर क्षेत्र तक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का आयोजन समिति के माननीय अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर हरित पर्यावरण, स्वच्छ वायु तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व है।

कार्यक्रम में समिति के सम्मानित सदस्य कर्नल एम.बी. राणा, सक्रिय सदस्य डमर सिंह थापा, अनिल थापा, संजय थापा, शमशेर सिंह थापा, शेर जंग राणा, सुरेश गुरूंग, ललित थापा, समिति के कोषाध्यक्ष महेश भूसाल तथा उनकी सुपुत्री सहित अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मूसलाधार वर्षा के बावजूद समिति के सदस्यों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ इन पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया।

समिति के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत जनभागीदारी से जुड़ा आंदोलन है। प्रत्येक नागरिक यदि अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पृथ्वी को अधिक हरित, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं उपस्थित जनों का बलभद्र खलंगा विकास समिति की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। समिति ने समाज के सभी वर्गों से प्रकृति संरक्षण एवं वृक्षारोपण अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान भी किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button