उत्तराखंड

डीएम टिहरी ने तिवाड़ गांव में जलज सेंटर का उद्घाटन कर योजना कार्यों का किया निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को जलज योजना के अंतर्गत चिन्हित ग्राम तिवाड़ गांव में ध्रुवनंदा देवभूमि होमस्टे में स्थापित जलज सेंटर का रिबन काटकर उद्घाटन किया।उन्होंने होमस्टे एवं योजना कार्यों का निरीक्षण कर जलज योजना के तहत संचालित गतिविधियों, स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार से जुड़े कार्यों एवं ग्रामवासियों की सहभागिता की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कहा कि जलज योजना के उद्देश्यों के अनुरूप स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए ग्रामीणों को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जलज योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल रहा है।

जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया। जलज से सुनिधि एवं गंगा प्रहरी राधिका द्वारा जलज योजना के अंतर्गत गांव में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। इस मौके पर ग्राम प्रधान पिंकी पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र रावत, होमस्टे संचालिका पूजा रावत, डीपीओ जिला गंगा समिति अरुण उनियाल सहित विजयपाल नेगी, अन्य संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button