उत्तराखंड

मीडिया प्रभारी चौहान ने कांग्रेस के आरोपों को बताया झूठ का पुलिंदा

देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने महिला कांग्रेस द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये आरोप झूठ का पुलिंदा हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और हर तरह की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए हैं, जो न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश के लिए उदाहरण हैं। चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति छोड़कर महिला उत्थान की दिशा में किए गए कामों को स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के हित में धामी सरकार के निर्णय राज्य ही नहीं, देश में भी नजीर बन गए हैं। महिलाओं के लिए प्रमुख योजनाएं और कानून महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा का कवच है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। राज्य में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देना भी ऐतिहासिक कदम है। इसके अलावा घसियारी योजना के तहत महिलाओं के सिर से घास का बोझ कम किया जा रहा है। उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को महिलाओं की सुरक्षा का मजबूत कवच बताया।

चौहान ने कहा कि यूसीसी लागू होने से महिलाओं को धोखे में रखकर शारीरिक या मानसिक अत्याचार करना मुश्किल हो गया है। साथ ही कठोर धर्मांतरण कानून ने भी धोखाधड़ी से महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय को रोकने में मदद की है। मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि आज धामी सरकार में किसी भी अपराध की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद नियमित विवेचना और आरोप पत्र दाखिल कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जबकि कांग्रेस शासनकाल में रिपोर्ट दर्ज ही नहीं होती थी और कार्यवाही तो बहुत दूर की बात थी।

उन्होंने याद दिलाया कि उस समय जनता को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सड़कों पर आंदोलन करना पड़ता था। वर्तमान में राज्य में बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, जिससे आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। चौहान ने जोर देकर कहा कि धामी सरकार महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कांग्रेस के खोखले और दुष्प्रचार वाले आरोपों का जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button