उत्तराखंड

धामी सरकार का बड़ा तोहफा: ऋषिकेश बाईपास 4-लेन प्रोजेक्ट को ₹1105 करोड़ की मंजूरी

देहरादून/ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड को बड़ी सौगात मिली है। ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण के लिए भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ₹1105.79 करोड़ की तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

यह बहुप्रतीक्षित परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर (किमी 529.750) से खरासोटे पुल (किमी 542.420) तक विकसित की जाएगी। करीब 12.67 किलोमीटर लंबा यह बाईपास भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा। परियोजना को EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन) मोड पर तीन वर्षों में पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राज्य में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा, “यह परियोजना उत्तराखंड के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सरकार दूरस्थ और शहरी क्षेत्रों को सशक्त सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।” मंत्रालय के अनुसार, परियोजना की प्रारंभिक लागत ₹1151.18 करोड़ आंकी गई थी, जिसे संशोधित कर ₹1139.40 करोड़ किया गया और अंततः ₹1105.79 करोड़ की स्वीकृति दी गई।

परियोजना के तहत सभी कार्य ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुसार किए जाएंगे। साथ ही, लागत और समय सीमा में किसी प्रकार की वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। इस परियोजना पर व्यय वित्त वर्ष 2025-26 के केंद्रीय बजट प्रावधान के तहत किया जाएगा।

देहरादून स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को ड्रॉइंग एवं डिस्बर्सिंग ऑफिसर (DDO) नामित किया गया है। परियोजना के पूरा होने पर ऋषिकेश में यातायात व्यवस्था सुगम होगी, जाम की समस्या में कमी आएगी और चारधाम यात्रा के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button