उत्तराखंड

इमरजेंसी में हंगामा: पत्रकार से बदसलूकी ने दून अस्पताल की सुरक्षा पर खड़े किए सवाल

देहरादून: राजकीय दून अस्पताल की इमरजेंसी में पत्रकारों के साथ अभद्रता के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में एक महिला पत्रकार के साथ मोबाइल छीनने और दुर्व्यवहार की घटना के बाद अब एक और मामला सामने आया है, जिसमें सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी और धक्का-मुक्की के आरोप लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन के महासचिव सोमपाल सिंह एक पत्रकार साथी की पत्नी के उपचार के सिलसिले में अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि स्कूटी खड़ी करते ही वहां मौजूद दो सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई।

साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मी संदिग्ध अवस्था में थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित पत्रकार ने इस मामले की शिकायत अस्पताल की प्राचार्य डॉ. गीता जैन और समीक्षा बैठक में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से की है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

उधर, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और इमरजेंसी प्रभारी से रिपोर्ट तलब की है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और इमरजेंसी में व्याप्त अव्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button