उत्तराखंड

देहरादून- जर्जर सड़कों, जलभराव और नालियों की समस्या को लेकर सड़को पर कांग्रेस,सौंपा ज्ञापन

देहरादून। देहरादून शहर में जर्जर सड़कों, नालियों की बदहाल स्थिति, जलभराव तथा लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रितेश छेत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, उत्तराखंड, देहरादून को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर रितेश छेत्री ने कहा कि देहरादून शहर के अनेक प्रमुख मार्गों एवं संपर्क मार्गों की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि देहरादून शहर की टूटी एवं जर्जर सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर स्थायी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए। सड़कों के किनारे स्थित नालियों एवं नालों की नियमित सफाई के साथ-साथ प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर समस्या का स्थायी समाधान करने, आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नई ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने तथा क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने की भी मांग की।

ज्ञापन में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही घटिया निर्माण सामग्री अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी गई। रितेश छेत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए और प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा होना चाहिए।

जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर अब केवल आश्वासन नहीं, समयबद्ध कार्रवाई चाहिए। इस प्रदर्शन में संजय शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, राजेश शर्मा, जगदीश धीमान, अनुराग गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अनिल नेगी, कासिम चौधरी,पीयूष जोशी, राम किशोर बघेल, मुकेश अरोरा, स्वाति नेगी, पीयूष जोशी, राजीव प्रजापति, रहमान, वंश, कामिनी, माही जेटली, समीर उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button