उत्तराखंड

समाधान दिवस में डीएम का सख्त संदेश, 171 शिकायतों पर चली त्वरित कार्रवाई

देहरादून। जिला मुख्यालय में  आयोजित समाधान दिवस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर सामने आया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 171 फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। गंभीर प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान ऋषिकेश क्षेत्र के करीब 15 युवाओं ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये और पासपोर्ट हड़पने की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी पैसे लौटाने की मांग पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

नेहरू ग्राम निवासी संगीता देवी ने बताया कि दिव्यांग प्रमाण पत्र न बनने के कारण उनके पति पिछले चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन से वंचित थे। जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेडिकल परीक्षण कराने तथा समाज कल्याण विभाग को एक सप्ताह के भीतर पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए, जिससे परिवार को राहत मिली।बैंक ऋण से जुड़ी शिकायत में अर्चना देवी ने आर्थिक तंगी और बैंक द्वारा मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया।

इस पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को मामले की जांच कर न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनहित से जुड़े मामलों में रायवाला और नया गांव क्षेत्र में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। नया गांव में किरायेदारों का सत्यापन अभियान चलाने को भी कहा गया।नथुवाला में पेड़ों के बीच से गुजर रही बिजली लाइनों से बने खतरे को दूर करने के लिए वन एवं विद्युत विभाग को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वहीं चकराता क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर, सुरक्षा दीवार तथा भूस्खलन से प्रभावित गूल के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। सुंदरवाला क्षेत्र में बंद नालियों के कारण जलभराव की समस्या पर भी आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं से ठगी, महिलाओं एवं बुजुर्गों के उत्पीड़न तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button