उत्तराखंड

दून पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 8 बाइक बरामद

देहरादून: शातिर वाहन चोर गिरोह दबोचा, 8 दोपहिया वाहन और चोरी की स्कूटी के पार्ट्स बरामद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में दून पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ दोपहिया वाहन तथा दो चोरी की एक्टिवा के इंजन और अन्य पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह सुनसान इलाकों में पहले रेकी करता था और फिर मास्टर-की या लॉक तोड़कर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बाद दर्ज विभिन्न मुकदमों की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 2 जुलाई को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मोहन क्षेत्री उर्फ मांचा, वीरपाल उर्फ भेड़ और अरसल को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की दो मोटरसाइकिल, छह एक्टिवा स्कूटी तथा दो चोरी की एक्टिवा के इंजन और अन्य कटे हुए पार्ट्स बरामद किए।

पूछताछ में सामने आया कि मोहन दिहाड़ी मजदूर और वीरपाल सिटी बस में कंडक्टर है। दोनों नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। आरोपी मास्टर-की से दोपहिया वाहनों का लॉक खोलते थे और यदि लॉक नहीं खुलता था तो उसे तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के वाहन गिरोह के तीसरे सदस्य अरसल को बेच दिए जाते थे, जो मैकेनिक होने के कारण उनके पार्ट्स निकालकर कबाड़ियों को बेच देता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। गिरफ्तार आरोपियों में मोहन क्षेत्री उर्फ मांचा निवासी हरिपुर नवादा, वीरपाल उर्फ भेड़ निवासी मिनी मसूरी नवादा और अरसल निवासी भगत सिंह कॉलोनी, रायपुर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की आठ दोपहिया गाड़ियां और दो चोरी की एक्टिवा के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं। मोहन क्षेत्री के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button