उत्तराखंड

उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा टौंस-यमुना घाटी के ऐतिहासिक लोक पर्व का भव्य आयोजन

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आज उत्तराखंड के लोकप्रिय टौंस एवं यमुना घाटी के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक लोक पर्व का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यमुना घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, वेशभूषा, रीति-रिवाजों और लोकगीतों की विशेष प्रस्तुति दी गई। इससे जनसमूह को क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा से रूबरू होने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह चौहान, विधायक विकासनगर ने कहा कि आज उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा टौंस एवं यमुना घाटी के ऐतिहासिक और पारंपरिक लोक पर्व का आयोजन वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि यह गरिमामय आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि टौंस और यमुना घाटी केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं हैं, बल्कि वे हमारी पहचान, हमारी आस्था और हमारी सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। यहां की लोक परंपराएं, वेशभूषा, रीति-रिवाज, मेले और त्योहार हमारी विरासत की अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें संजोकर रखना हम सबका दायित्व है।

उन्होंने कहा कि आज जब आधुनिकता और पाश्चात्य प्रभाव के कारण युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से दूर होती जा रही है, ऐसे में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन उन्हें अपनी मिट्टी, अपनी बोली और अपनी परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। हमारी लोकसंस्कृति में निहित सादगी, सामूहिकता और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना हमें विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने की शक्ति भी है। उत्तरांचल प्रेस क्लब ने सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि मीडिया समाज की सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि विकासनगर क्षेत्र और यमुना घाटी के सांस्कृतिक संरक्षण, पर्यटन विकास तथा युवाओं के लिए अवसर सृजन हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। सरकार और जनप्रतिनिधि सदैव संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता देते रहेंगे।

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब सदैव सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। लोक पर्वों के आयोजन का उद्देश्य अपनी परंपराओं को जीवित रखना और समाज में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री एवं अंतरराष्ट्रीय लोक गायक डॉ. नंद लाल भारती ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. नंद लाल भारती ने उत्तराखंड के लोकप्रिय मरोज पर्व की विस्तृत जानकारी देते हुए उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रेस क्लब कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, ओम प्रकाश जोशी, सुलोचना पयाल के साथ ही अनेक पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button