उत्तराखंड

05 अक्टूबर को होगा अगला दक्षता आधारित आकलन, तैयारियां पूरी करने के निर्देश

‎टिहरी: जनपद के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा कक्षा आठ संचालित हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों में कक्षा दो, पांच एवं आठ के विद्यार्थियों का दक्षता आधारित बेसलाइन आकलन किया गया। कक्षा दो में हिंदी एवं गणित, कक्षा पांच में हिंदी, गणित एवं पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा आठ में हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों का आकलन हुआ।

‎मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बडवाल ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं का आकलन कर कम उपलब्धि वाली दक्षताओं को चिन्हित किया जा रहा है। इसके आधार पर डायट द्वारा प्रत्येक शनिवार को विद्यालयों में उपचारात्मक शिक्षण एवं दक्षता आधारित प्रश्नपत्रों के माध्यम से आकलन कराया जा रहा है।

‎ऑनलाइन बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, उप शिक्षा अधिकारियों, डायट मेंटर्स, बीआरपी एवं सीआरपी को उपचारात्मक शिक्षण का अनुश्रवण करने, विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षिक सहयोग देने तथा आकलन परिणामों की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। ‎प्राचार्य डायट सुमेर सिंह कैंतुरा ने बताया कि अगला दक्षता आधारित आकलन 05 अक्टूबर, 2026 को होगा।

विद्यालयों को तैयारियां समय से पूरी करने तथा बीआरपी एवं सीआरपी को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जनपद स्तरीय समन्वयक डॉ. वीर सिंह रावत ने बताया कि डायट द्वारा दक्षता आधारित प्रश्नपत्र विकसित एवं मुद्रित किए जा रहे हैं। इन्हें विद्यालयों तक पहुंचाने के लिए 01 अक्टूबर, 2026 को सभी बीआरपी एवं सीआरपी को संस्थान में बुलाया गया है।

‎बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक वी.पी. सिंह, राज्य स्तरीय समन्वयक डॉ. अजय चौरसिया, राजेंद्र बडोनी, नरेश कुमाई, विनोद पेटवाल, डॉ. सुमन नेगी, डॉ. मनवीर नेगी, सीमा शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button