उत्तराखंड

कांवड़ यात्रा के दौरान ईंधन संकट नहीं, 24 घंटे खुले रहेंगे पेट्रोल पंप

देहरादून: पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने ईंधन और रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यापक तैयारी कर ली है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में ऋषिकेश क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की आपूर्ति किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।

सभी गैस एजेंसियों को घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं तक समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही यात्रा अवधि में रविवार को भी सभी गैस एजेंसियां अनिवार्य रूप से खुली रहेंगी। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गैस वितरण में लगे सभी लोडर वाहनों पर एजेंसी के स्पष्ट फ्लैक्सी या बैनर लगाने, प्रत्येक वाहन में अग्निशमन यंत्र एवं तौल कांटा रखने तथा डिलीवरी कर्मियों के लिए निर्धारित वर्दी और पहचान पत्र अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें तथा सभी पेट्रोल पंप 24×7 संचालित किए जाएं, ताकि शिवभक्तों, आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय नागरिकों को बिना किसी बाधा के ईंधन उपलब्ध हो सके। बैठक के दौरान पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों ने सुझाव दिया कि आवश्यक आपूर्ति वाले टैंकरों के सुचारु संचालन के लिए प्रतिदिन रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक मार्ग को निर्बाध रखा जाए, जिससे ईंधन एवं गैस की समय पर आपूर्ति विभिन्न केंद्रों तक सुनिश्चित की जा सके।

जिला प्रशासन ने दोहराया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों तथा आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रूप से ईंधन एवं रसोई गैस उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली, संजीव कुमार गोयल, अनिरुद्ध गोयल, अशोक जैन, सुनील अग्रवाल, नवनीत नागलिया, दिवंबर प्रसाद लखेड़ा, मुकुल दलाल, कमल सिंह सहित क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button