उत्तराखंड

महिला अपराधों में बढ़ोतरी पर सियासी घमासान, कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने देश व प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा प्रहार किया है। सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं और इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में सत्तारूढ़ दल से जुड़े कई नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों पर दुष्कर्म, यौन शोषण और उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें निष्पक्ष कार्रवाई करने में विफल रही हैं। उन्होंने कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे जुड़े तथ्यों पर भी संसद में चर्चा नहीं हो रही है।

रौतेला ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी और मधु किश्वर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर उठाए गए सवाल भी गंभीर हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है।

उन्होंने उत्तराखंड की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि देवभूमि अपनी शांति, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के लिए जानी जाती रही है, लेकिन वर्तमान में हत्या, दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न की घटनाओं में वृद्धि से हालात चिंताजनक हो गए हैं। उन्होंने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

रौतेला ने दावा किया कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच प्रदेश में महिला अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, 2021 में 3431, 2022 में 4337, 2023 में 3808, 2024 में 4000 से अधिक तथा 2025 में 4200 से अधिक मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े महिला सुरक्षा के प्रति सरकार की विफलता को दर्शाते हैं।

पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश और देश में हाल के वर्षों में हुई कई आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि सरकार को इन मामलों को गंभीरता से लेकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी देहरादून में भी अपराध की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और बीते एक माह में कई गंभीर वारदातें सामने आई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार अपराधों पर नियंत्रण पाने में असफल साबित हो रही है।

पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, जिलाध्यक्ष पूनम कंडारी, महासचिव सुशीला शर्मा एवं सावित्री थापा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button