उत्तराखंड

वाणी कपूर के जलवे से रोशन होगी UPL की उद्घाटन शाम

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के तीसरे संस्करण का आगाज सोमवार, 21 सितंबर से देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। प्रदेश की बहुप्रतीक्षित टी-20 क्रिकेट लीग की शुरुआत महिला वर्ग के मुकाबलों से होगी। क्रिकेट के रोमांच के साथ लीग की पहली शाम बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर और उत्तराखंड के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों से रंगीन नजर आएगी।

प्रतियोगिता के पहले दिन महिला वर्ग में दो मुकाबले खेले जाएंगे। सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स आमने-सामने होंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस के बीच मुकाबला होगा। इन मुकाबलों के बाद शाम को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर विशेष आकर्षण रहेंगी।

इसके अलावा उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। गढ़वाल से करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, जौनपुर से मंजू नौटियाल तथा जौनसार क्षेत्र से अज्जू तोमर और अजय चौहान अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अलग-अलग अंचलों के कलाकार एक मंच पर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत करेंगे।

22 सितंबर से पुरुष वर्ग का रोमांच

UPL के पुरुष वर्ग के मुकाबले 22 सितंबर से शुरू होंगे। उद्घाटन मुकाबले में शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच भिड़ंत होगी। पुरुष वर्ग में कुल सात टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। इनमें हरिद्वार एल्मास, नैनीताल टाइगर्स, पिथौरागढ़ हरिकेन्स, यूएसएन इंडियंस, ऋषिकेश रिवर किंग्स, टिहरी टाइटन्स और देहरादून वॉरियर्स शामिल हैं।

23 सितंबर को पिथौरागढ़ हरिकेन्स और टिहरी टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। लीग चरण के बाद पुरुष प्रतियोगिता नॉकआउट दौर में प्रवेश करेगी। 30 सितंबर को एलिमिनेटर मुकाबला होगा, जबकि टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल 1 अक्टूबर को खेला जाएगा।

महिला वर्ग में चार टीमें

महिला वर्ग में चार टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। महिला वर्ग का फाइनल 24 सितंबर को प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में नंदिनी कश्यप, प्रेमारावत, राघवी बिष्ट और श्वेता वर्मा को आइकन खिलाड़ियों के रूप में शामिल किया गया है।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

UPL को उत्तराखंड के स्थानीय क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मुकाबले होने से प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ उभरते क्रिकेटरों को भी अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा।

21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले UPL-2026 का आगाज क्रिकेट और संस्कृति के संगम के रूप में होगा। पहले दिन महिला क्रिकेट का रोमांच और शाम को बॉलीवुड तथा उत्तराखंड की लोक संस्कृति का रंग दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button