मोल्हापुरी गांव में गुलदार ने चार बकरियों को बनाया निवाला

हरिद्वार। मोहल्लापुरी गांव में गुलदार ने चार बकरियों को अपना निवाला बना लिया। गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने गुलदार को आबादी में रोकने की मांग वन विभाग से की है। क्षेत्र के मोल्हापुरी गांव पिछले कई दिनों से गुलदार की दस्तक से ग्रामीण भयभीत हैं।
गुलदार गांव में दिन में भी दिखाई दे रहा है। लालढांग क्षेत्र के मोल्हापुरी गांव में बाड़े में बंधी बकरियों पर गुलदार ने हमला कर दिया। सुबह घूमने जा रहे लोगों ने जब बाड़े की तरफ गुलदार को देखा तो उन्हाेंने शोर कर उसे भगाया। शुक्रवार रात में गुलदार ने मोल्हापुरी गांव निवासी पवन के बाड़े की छह फीट ऊंची दीवार को कूदकर बाड़े में बंधी चार बकरियों मार दिया।
पवन ने बताया कि काफी समय से इसी बाड़े में बकरियां बांध रहे हैं। वह बकरियां खरीद कर लाया था। वन विभाग के सेक्शन अधिकारी गौतम कुमार, वन बीट अधिकारी सुनील सैनी ने मौका मुआयना कर मुआवजे के लिए रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने का आश्वासन दिया है। गुलदार की निगरानी के लिए भी गश्त टीम को तैनात कर दिया गया है, ताकि गुलदार आबादी क्षेत्र में न आ सके।




