सुभाष नगर में भक्ति का संगम, तीन अवतारों के उत्सव ने बांधा समा

देहरादून, सुभाष नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुवार को भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और भगवान नृसिंह अवतार का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। एक ही मंच पर तीनों अवतारों की झलक पाकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग गया। कथा वाचन कर रहे आचार्य पवन नंदन महाराज जी ने अपने ओजस्वी प्रवचनों में भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम मर्यादा, सत्य और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं, जबकि श्रीकृष्ण प्रेम, करुणा और नीति के मार्गदर्शक हैं।
वहीं भगवान नृसिंह का अवतार भक्त प्रह्लाद की रक्षा और अधर्म के विनाश का संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। भजन-कीर्तन, जयकारों और भक्तिमय संगीत के बीच बच्चों द्वारा प्रस्तुत भगवान राम और श्रीकृष्ण के बाल स्वरूपों की आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। फूलों और गुब्बारों से सजे मंच पर प्रस्तुत इन झांकियों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। भगवान नृसिंह अवतार की गाथा सुनाते हुए आचार्य ने भक्त प्रह्लाद की अटूट आस्था का भावपूर्ण वर्णन किया। इस प्रसंग पर पूरा पंडाल “नृसिंह भगवान की जय” के जयघोष से गूंज उठा।
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हर आयु वर्ग के लोग भक्ति में लीन नजर आए। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया गया। आकर्षक सजावट से सजे पंडाल ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। देर शाम तक भजन-कीर्तन और जयकारों की गूंज से सुभाष नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर संरक्षक विनोद राई, अध्यक्ष प्रेम सिंह भंडारी, उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, महासचिव नवीन जोशी, कोषाध्यक्ष के. एन. लोहनी, सुमित मेहता, बृज किशोर यादव, मीडिया प्रभारी गणेश सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही मालती राई, प्रमिला नेगी, कादंबरी शर्मा, तारा राई, ममता राई, रेखा यादव, दीपक गोसाईं एवं प्रदीप राई सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।




