उत्तराखंड

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर SDRF का हेल्थ चेकअप और जागरूकता अभियान

देहरादून/रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) द्वारा व्यापक स्वास्थ्य जांच एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के दिशानिर्देशों में संचालित हो रहा है।

अभियान के अंतर्गत लिनचोली क्षेत्र में SDRF के प्रशिक्षित पैरामेडिक्स द्वारा यात्रा मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं का निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान रक्तचाप (BP), शुगर स्तर एवं ऑक्सीजन स्तर (SpO₂) जैसे महत्वपूर्ण जांच की जा रही हैं।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सामान्यतः उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं—जैसे ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक थकान, रक्तचाप में उतार-चढ़ाव एवं चक्कर आना—के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यात्रियों को यह सलाह दी जा रही है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अस्वस्थता या आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सा राहत पोस्ट से संपर्क करें।

SDRF द्वारा यात्रियों को त्वरित रेस्क्यू, स्ट्रेचर एवं अन्य आपात सहायता सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर शीघ्र मदद उपलब्ध कराई जा सके। गौरतलब है कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा उच्च हिमालयी एवं दुर्गम क्षेत्र से होकर गुजरती है, जहां कम ऑक्सीजन स्तर, अत्यधिक ठंड, अनिश्चित मौसम, संकरे एवं फिसलनयुक्त मार्ग तथा लंबी पैदल दूरी जैसी परिस्थितियां यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण होती हैं।

विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों एवं अस्वस्थ श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य जोखिम अधिक रहता है। SDRF की टीमें यात्रा मार्ग पर 24×7 सतत तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता सुनिश्चित कर रही हैं। इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button