उत्तराखंड

केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया आक्रोश

देहरादून। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी और कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में  महानगर कांग्रेस कमेटी ने देहरादून के एश्लेहॉल चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के समर्थन में आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के साथ गिरफ्तारी, कथित अभद्र व्यवहार और युवा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतंत्र की भावना पर सीधा आघात है।

उन्होंने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर आवाज उठा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार संवाद के बजाय दमन की नीति अपना रही है। कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। डॉ. गोगी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था

कि छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाबदेही तय होना आवश्यक है और सरकार को युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। महानगर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और जनविरोधी नीतियां जारी रहीं तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अपने आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमन, सुनीता प्रकाश, जसविंदर सिंह मोटी, अनूप कपूर, अरुण शर्मा, सरिता बिष्ट, संजय शर्मा, रामबाबू, गीताराम जैसवाल, वीरेंद्र पंवार, मोनिका चौधरी, अभिषेक तिवारी, पूनम खंडारी, सावित्री थापा, जितेन्द्र जित्तू, सलमान, सुनील थपलियाल, शकील मंसूरी, राहुल तलवार, सुनील, कुलदीप नरूला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button