उत्तराखंड

बूथ स्तर पर सक्रियता ही संगठन की ताकत, कार्यकर्ता रहें सजग : गुनसोला

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की। गढ़ी कैंट में आयोजित बैठक में पूर्व विधायक जोत सिंह गुणसोला ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 58 हजार मतदाताओं को नोटिस भेजे जाने से मतदाताओं एवं राजनीतिक दलों में चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ स्तर का कार्यकर्ता मतदाताओं के संपर्क में रहकर मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया में पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाए।

जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) समन्वय और सूझबूझ के साथ एसआईआर प्रक्रिया का संचालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से प्रभावित न हो। पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नोटिसों के माध्यम से जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और मतदाताओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर सक्रिय रहेगी।महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर अभियान को मिशन मोड में लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर पार्टी की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता धैर्य और सूझबूझ के साथ मतदाताओं का सहयोग करें तथा प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।बैठक का संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत खंडूड़ी ने किया। इस अवसर पर मसूरी विधानसभा प्रभारी अमेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य गोविंद पुंडीर, सोनिया आनंद, अनिल बस्नेत, प्रदीप डोभाल, मनीष गोनियाल, अमित गुप्ता, भगवान सिंह थापा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button