उत्तराखंड

श्री दरबार साहिब पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, अस्पतालों के लंबित भुगतान को लेकर दिया आश्वासन

देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने  श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के उपचार से संबंधित 100 करोड़ रुपये से अधिक की लंबित राशि के भुगतान का मुद्दा भी उठा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार बकाया भुगतान के लिए बजट की व्यवस्था कर रही है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर अस्पताल को लंबित राशि का भुगतान किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के सफल संचालन में अस्पताल की भूमिका की प्रशंसा करते हुए श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को बधाई दी। श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुरूप स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें श्री दरबार साहिब का स्मृति चिह्न भेंट किया।

बैठक में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के तहत संचालित विद्यालयों और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में दी जा रही शिक्षा के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसजीआरआर एजुकेशन मिशन लंबे समय से उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, एसजीआरआर एजुकेशन मिशन और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी संस्थान मानवता की सेवा और जनकल्याण के कार्यों को इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button