उत्तराखंड

समाधान दिवस में डीएम का एक्शन, 164 शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

देहरादून: जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान के उद्देश्य से  कलेक्ट्रेट में आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आमजन की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध और जवाबदेही के साथ शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 164 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें भूमि धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक-आर्थिक सहायता, मानसूनी बारिश से हुए नुकसान, बिजली, सड़क और सुरक्षा संबंधी मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान ऋषिकेश निवासी विनीता ने अपने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण परिवार के आर्थिक रूप से बर्बाद होने की व्यथा सुनाई और आर्थिक सहायता की मांग की।

वहीं पल्टन बाजार निवासी जुनतारा देवी ने बीमारी के इलाज और बेटी की स्कूल फीस के लिए सहायता मांगी, जबकि एक विधवा महिला अर्चना ने अपनी बेटियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन मामलों में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में पारिवारिक प्रताड़ना के कई गंभीर मामले भी सामने आए।

बुजुर्ग राजपाल सिंह ने अपने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मन्नूगंज की एक बुजुर्ग विधवा की शिकायत पर सीओ सिटी को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं सहारनपुर निवासी विनिता भटेजा द्वारा राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सीओ मसूरी को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनसुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर भी सख्ती

जिलाधिकारी ने ग्राम सिंगनीवाला में पड़ोसी के विरोध के कारण बिजली कनेक्शन न मिलने तथा ग्राम मानुवा में बारिश के कारण खतरनाक बने विद्युत पोल को तत्काल स्थानांतरित करने के निर्देश ऊर्जा निगम को दिए। ग्राम सिद्धोवाला में सरकारी भूमि पर बाहरी लोगों के कब्जे और ग्राम बादामवाला में नदी श्रेणी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण से जनसंख्या स्वरूप में बदलाव की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विकासनगर को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

विकासनगर के डॉक्टरगंज क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया। वहीं धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के समीप सुरक्षा पुस्ता नहीं बनाए जाने पर जिलाधिकारी ने बिल्डर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सिंचाई विभाग को सुरक्षात्मक कार्य का प्रस्ताव तत्काल तैयार करने के आदेश दिए।

इसके अलावा चकराता की ग्राम पंचायत डेरियों में सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति तथा ऋषिकेश बाईपास के लिए अधिग्रहित भूमि के एवज में भूमि आवंटन समझौते की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, तहसीलदार सुरेन्द्र देव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button