उत्तराखंड

अब घर बैठे बनवा सकेंगे राशन कार्ड, यूआरसीएमएस पोर्टल शुरू

देहरादून। भारत सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत राशन कार्ड सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक घर बैठे नया राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने-हटाने तथा अन्य संशोधन कार्य ऑनलाइन कर सकेंगे।

सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को आधुनिक तकनीक और सरल प्रक्रियाओं के साथ अपडेट कर यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है, जिससे राशन कार्ड संबंधी सेवाएं अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बन सकेंगी। अब लोगों को राशन कार्ड बनवाने या संशोधन कराने के लिए कार्यालयों और राशन की दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

नागरिक आधिकारिक पोर्टल uk.smartpds.nic.in पर “सिटिजन लॉगिन” के माध्यम से आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आधार आधारित ओटीपी सत्यापन अनिवार्य होगा। वहीं पुराने राशन कार्ड में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए राशन कार्ड के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के जरिए लॉगिन करना आवश्यक होगा। इसके लिए परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर सक्रिय होना जरूरी है।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि शासन द्वारा आरसीएमएस पोर्टल को यूआरसीएमएस पोर्टल में परिवर्तित करते हुए कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। अब राशन कार्ड धारक घर बैठे नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने के साथ-साथ पुराने कार्ड में संशोधन भी कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि नागरिक नए राशन कार्ड के लिए तहसील एवं जिला पूर्ति कार्यालयों में भी संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से राशन कार्ड संबंधी सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा आम लोगों को समय और श्रम दोनों की बचत होगी।

ई-केवाईसी कराने की अपील

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी पुराने राशन कार्ड धारकों से समय रहते ई-केवाईसी पूर्ण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि 30 मई से पूर्व सभी राशन कार्ड धारक “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के माध्यम से घर बैठे अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें।

नए राशन कार्ड के लिए आवश्यक दस्तावेज

सभी सदस्यों के आधार कार्ड की प्रतिलिपि

पासपोर्ट साइज फोटो

आय प्रमाण पत्र

मुखिया के पैन कार्ड की प्रतिलिपि

बिजली बिल की प्रतिलिपि

मुखिया की बैंक पासबुक की प्रतिलिपि

गैस बुक की प्रतिलिपि

राशन कार्ड एक दुकान से दूसरी दुकान ट्रांसफर कराने हेतु आवश्यक दस्तावेज

प्रार्थना पत्र

बैंक पासबुक की प्रतिलिपि

गैस बुक की प्रतिलिपि

बिजली बिल की प्रतिलिपि

राशन कार्ड की प्रतिलिपि।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button