उत्तराखंड

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने की पहल, महिलाएं सम्मानित

टिहरी गढ़वाल: ग्राम्य विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत क्रीड़ा भवन टिहरी में चौपाल-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ विशिष्ट अतिथियों द्वारा विधि-विधान से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिभाषण लाइव वर्चुअल माध्यम से सुना और उद्यमिता, स्वरोजगार एवं महिला सशक्तीकरण से जुड़े उनके विचारों एवं संदेश को जाना।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना एवं चौपाल के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न प्रकार के गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन इन उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और विपणन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि योजना की स्थापना वर्ष 2022 में की गई थी और इसके माध्यम से जनपद में अब तक लगभग ढाई करोड़ रुपये तक का लाभ समूहों को प्राप्त हो चुका है। कार्यक्रम में लखपति दीदियों, उद्यमियों, क्रेता एवं विक्रेताओं से संवाद भी किया गया।

उपाध्यक्ष ग्रामीण निर्माण विभाग जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि मातृशक्ति का आत्मनिर्भरता की दिशा में किया जा रहा कार्य सभी के लिए प्रेरणादायक है। महिलाओं ने छोटे-छोटे अवसरों को अपनी मेहनत और लगन से बड़े उद्यमों में परिवर्तित किया है। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी क्रेता के रूप में आते थे, आज वही अपने उत्पादों के विक्रेता बनकर सामने आ रहे हैं, यह गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो रहा है।उपाध्यक्षा राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद विनोद उनियाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि एक ही मंच पर क्रेता और विक्रेता का संवाद होना महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में भ्रमण के दौरान यह सामने आता था कि महिला समूहों के सामने उत्पाद तैयार करने के साथ ही उनके विपणन की चुनौती भी है। इस दिशा में अधिकारियों को सकारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति निरंतर बेहतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री का विजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आर्थिकी को मजबूत करना है। उपाध्यक्ष युवा कल्याण परिषद विनोद सुयाल ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद प्रदेश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि टिहरी की बहनों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को अब प्रदेश और देश के साथ ही विदेशों में भी मंच मिल रहा है जो सराहनीय है।

उपाध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग परिषद खेम सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कृषि, उद्योग एवं अन्य क्षेत्रों में उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता और अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का सपना अब साकार होता दिखाई दे रहा है। सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के साथ ही पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा दे रही है। पंचायतों में मातृशक्ति को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलना भी महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

साथ ही विभिन्न समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा क्रेता-विक्रेता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका टिहरी मोहन सिंह रावत, प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, प्रमुख थौलधार सुरेंद्र भंडारी, प्रभारी पीडी डीआरडीए (प्रशिक्षु आईएएस) ज्योति, डीडीओ मो. असलम, सिडकुल मैन्युफैक्चरिंग फर्म से हरेंद्र गर्ग, दिल्ली से कैलाश खेड़े, रानीचौरी की उन्नति ग्राम संगठन से शान्ति कैंतुरा, मुन्नी देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, क्रेता-विक्रेता तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button