उत्तराखंड

दूल्हा बाजार में प्रेम विवाद का खौफनाक अंत : जीजा के घर के पास स्कूटी खड़ी कर दुकान जा रही युवती की धारदार हथियार से हत्या, प्रेमी गिरफ्तार

देहरादून : कोतवाली नगर क्षेत्र के दूल्हा बाजार मन्नू गंज के पास गली में शनिवार सुबह एक युवक ने अपनी पुरानी प्रेमिका की धारदार हथियार से (brutal murder) निर्मम हत्या कर दी। गंभीर रूप से जख्मी युवती को तुरंत दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान गुंजन पुत्री मनीष श्रीवास्तव (निवासी गोविंदगढ़) के रूप में हुई है, जो दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करती थी। पुलिस के अनुसार, गुंजन सुबह काम के लिए दूल्हा बाजार पहुंची थी। जीजा के घर के पास स्कूटी खड़ी करने के बाद वह गली से दुकान की ओर जा रही थी, तभी आरोपी आकाश ने उस पर वार कर दिया। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी।

कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश पुत्र कोमलराम (उम्र 27 वर्ष, निवासी 46 मन्नूगंज, खुड़बूड़ा मोहल्ला) को घटनास्थल के आसपास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आकाश ने कबूल किया कि वह भी दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करता है। पिछले तीन वर्षों से उसका गुंजन से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उसके घर अक्सर आता-जाता था। जब यह बात गुंजन के परिजनों को पता चली, तो उन्होंने आपत्ति जताई और आकाश के परिवार को सूचित किया। इससे दोनों पक्षों में घरेलू कलह बढ़ गया। पहले दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से चौकी खुड़बूड़ा पर ‘कोई संबंध न रखने’ का समझौता पत्र भी दिया था।

दो दिन पहले गुंजन ने ही आकाश को समझाने के लिए चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस उसकी तलाश में उसके घर और दुकान पर छापेमारी कर रही थी। इससे घबराकर आकाश ने फोन बंद कर दिया और दो दिनों से अलग-अलग जगहों पर छिपा रहा। पुलिस ने उसके परिजनों को हिदायत दी थी कि आकाश घर लौटे तो सूचना दें। लगातार कलह, पुलिस की तलाश और गुंजन के बात न करने से आकाश आवेश में आ गया और हत्या को अंजाम दे दिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी देहरादून ने बताया कि प्रेम विवाद के ऐसे मामलों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय लोगों में घटना से सनसनी फैल गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button