उत्तराखंड

ग्राफिक एरा के शोध को राष्ट्रीय मान्यता, ऑर्गेनिक टेम्परेचर सेंसर पर मिला पेटेंट

देहरादून: ग्राफिक एरा ने नवाचार और तकनीकी अनुसंधान के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों द्वारा विकसित ऑर्गेनिक थिन फिल्म टेम्परेचर सेंसर को भारत सरकार ने भारतीय पेटेंट प्रदान किया है। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की डॉ. अभिलाषा मिश्रा तथा ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के डॉ. अरुण प्रताप सिंह राठौड़ को उनके शोध कार्य के लिए यह पेटेंट प्रदान किया गया। भारत सरकार ने 24 जून 2026 को पेटेंट संख्या 593200 के तहत इस तकनीक को मान्यता दी।

लचीले ऑर्गेनिक पदार्थों से विकसित यह सेंसर कम लागत में उच्च दक्षता के साथ विभिन्न परिस्थितियों में तापमान का सटीक एवं विश्वसनीय मापन करने में सक्षम है। इस तकनीक का उपयोग औद्योगिक इकाइयों, घरेलू उपकरणों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य अनेक क्षेत्रों में किया जा सकेगा। साथ ही यह आधुनिक फ्लेक्सिबल इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में अनुसंधान और तकनीकी विकास की नई संभावनाओं को भी गति देगा।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की प्रभारी कुलपति डॉ. तबस्सुम नक़वी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पेटेंट विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार और अनुप्रयोग आधारित अनुसंधान की सशक्त संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ऐसे शोध समाजोपयोगी तकनीकों के विकास को बढ़ावा देने के साथ युवा शोधकर्ताओं को नवाचार के लिए प्रेरित करेंगे तथा विश्वविद्यालय को अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button