उत्तराखंड

मुख्य सचिव का जोर ईको टूरिज्म और पर्यटक संख्या बढ़ाने पर

देहरादून: सचिवालय में मुख्य सचिव  आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में “25 बिंदु कार्यक्रम 2025-26” की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रत्येक जनपद से कार्यक्रम के सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की और प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वर्ष 2026-27 के लिए सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों का निर्धारण शीघ्र करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अगले एक माह के भीतर जनपदवार लक्ष्य निर्धारित कर संबंधित पोर्टल पर अपडेट कर लें।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक जनपद की अपनी विशिष्ट समस्याएं एवं चुनौतियां होती हैं, इसलिए जनपद अपने फोकस एरिया तय करते हुए यथार्थपरक लक्ष्य निर्धारित करें। मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि सचिव, विभागाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि सभी इंडिकेटर्स के वार्षिक लक्ष्य तय करने के साथ-साथ उनके मासिक लक्ष्य भी निर्धारित किए जाएं, ताकि प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की मासिक समीक्षा की जाएगी। वन विभाग से संबंधित लक्ष्यों के संदर्भ में मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जनपदों के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। उन्होंने देशी एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन जनपदों में ईको टूरिज्म योजनाएं संचालित नहीं हो रही हैं, उन्हें भी इन योजनाओं में शामिल करने पर बल दिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में गवर्नेंस एवं न्याय व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, तथापि इसमें अभी और संभावनाएं हैं, जिन पर प्रभावी कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक में प्रमुख सचिव  आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव  नितेश कुमार झा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button