उत्तराखंड

स्वच्छता के संदेश के साथ मैदान में उतरे डीएम, सैकड़ों लोगों ने बढ़ाया हाथ

देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में लक्ष्मण चौक और कांवली रोड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्वयं प्रतिभाग कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान में विभिन्न विभागों, संस्थाओं, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों समेत 100 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान के दौरान चिन्हित स्थलों का निरीक्षण करते हुए नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि केवल विशेष अभियान चलाकर सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सफाई व्यवस्था को नियमित और स्थायी बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए चिन्हित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी, नियमित कूड़ा उठान और कूड़े के वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं और स्थानीय नागरिकों को भी इन अभियानों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए।

जनसहभागिता के बिना स्वच्छ शहर का लक्ष्य अधूरा

डीएम डॉ. चौहान ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसमें आमजन की सक्रिय सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन और नैतिक दायित्व का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की।

अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था सहित विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिकों ने सफाई कार्य किया। चिन्हित स्थलों पर कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के नवीन सडाना समेत जिला प्रशासन, नगर निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button