उत्तराखंड

नशे के कारोबार पर दून पुलिस की कार्रवाई, गांजा-चरस से शराब तक बरामद

देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1 किलो 582 ग्राम गांजा, 299 ग्राम चरस तथा करीब छह पेटी अवैध देशी शराब बरामद की। तस्करी में प्रयुक्त चार स्कूटी भी सीज की गई हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

कैंट कोतवाली: 1.582 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
कैंट पुलिस ने चेकिंग के दौरान माल रोड स्थित खाली ग्राउंड के पास एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 582 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपित की पहचान चंदन साहनी (22), निवासी बिंदाल पुल के नीचे बिंदाल बस्ती, देहरादून के रूप में हुई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाली नगर: 299 ग्राम चरस के साथ दो गिरफ्तार
कोतवाली नगर पुलिस ने 25 अगस्त को दून ओपीडी के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के कब्जे से कुल 299 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक देवांश (19) के पास से 152 ग्राम और अंश गौतम (19) के कब्जे से 149 ग्राम चरस मिली। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऋषिकेश: शराब तस्करी में पांच पकड़े
कोतवाली ऋषिकेश की अलग-अलग पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से कुल 152 टेट्रा पैक शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन स्कूटी भी सीज कर दीं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लाल बहादुर साहनी (52), विकास राणा (21), बिन्नी उर्फ विनीत (22), शुभम (26) और रामू (27) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार इनके कब्जे से क्रमश: 22, 34, 25, 36 और 35 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की गई।
तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा संख्या UK14L-3408, UK14TB-1897 और UK14L-8190 को पुलिस ने सीज किया है।

रायवाला: 65 टेट्रा पैक शराब बरामद
कोतवाली रायवाला पुलिस ने मार्टिस होटल के बराबर वाली गली में चेकिंग के दौरान सुंदर सिंह (50) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 65 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। शराब तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा संख्या UK09C-5703 को भी सीज कर दिया गया। आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सेलाकुई: 52 टेट्रा पैक के साथ तस्कर दबोचा
थाना सेलाकुई पुलिस ने 25 अगस्त को पुरानी पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान मेनपाल (42), निवासी शिवनगर बस्ती, सेलाकुई को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 52 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश: पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशे के कारोबार और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संबंधित थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button