उत्तराखंड

दून पुलिस ने मित्रता, सेवा और सुरक्षा के मूल्यों को किया साकार

देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर दून पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया है। महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु का नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अल्प समय में खोजकर सकुशल वापस लौटाया। जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 मई 2026 को चौकी कोल्हूखेत, कोतवाली मसूरी में श्रीमती संध्या पत्नी अशोक सिंह निवासी महेश्वर निकेतन, कोलाबा थाना, मुंबई, महाराष्ट्र ने सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर आई हैं।

मसूरी रोड पर परिवार के साथ फोटो खिंचवाते समय उन्होंने अपना पर्स पास में खड़ी एक अज्ञात मोटरसाइकिल के पीछे रख दिया था। काफी देर बाद जब उन्होंने पर्स तलाशा तो वह तथा संबंधित बाइक दोनों मौके से जा चुके थे। महिला ने बताया कि पर्स में लगभग 50 हजार रुपये नकद तथा आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संबंधित मोटरसाइकिल का नंबर ट्रेस किया। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल स्वामी से संपर्क स्थापित कर उसे मौके पर बुलाया।

मोटरसाइकिल स्वामी के पहुंचने पर महिला का पर्स बाइक की सीट के पीछे लगे हैंडल पर सुरक्षित लटका मिला। महिला द्वारा पर्स की जांच करने पर उसमें रखी पूरी नकदी तथा सभी दस्तावेज सुरक्षित पाए गए। बाइक स्वामी ने बताया कि वह किसी कार्य से वहां आया था और काम समाप्त होने के बाद बिना पर्स की जानकारी के बाइक लेकर चला गया था। अपना पर्स और उसमें रखी नकदी व दस्तावेज सुरक्षित वापस पाकर महाराष्ट्र से आई महिला श्रद्धालु ने उत्तराखंड पुलिस, विशेषकर दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा चारधाम यात्रा मार्गों पर नियुक्त समस्त पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए, ताकि देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button