उत्तराखंड

जिलाधिकारियों के साथ बैठक में SIR तैयारियों का आकलन

देहरादून। आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने  सचिवालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण और बूथ स्तर की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बूथ मैपिंग कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 का प्रतिदिन अनिवार्य रूप से रिव्यू किया जाए तथा समयबद्ध तरीके से उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को भी इस कार्य में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ ने प्रत्येक बूथ पर तैयार ASD (ऐबसेंट, शिफ्टेड, डेथ) सूची को संबंधित राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ साझा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी बूथ लेवल एजेंट्स को ASD सूची उपलब्ध करा दी जाए, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक व्यवस्था और वितरण योजना की भी विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह में सभी जिलाधिकारी संबंधित नगर निगम क्षेत्रों के नगर आयुक्तों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की कार्ययोजना को और प्रभावी बनाएं। साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button