उत्तराखंड

कुंभ की तैयारी में तेजी, मुख्य सचिव का अल्टीमेटम—3 दिन में शासनादेश

देहरादून: कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव  आनन्द बर्द्धन ने  सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और शासनादेश जारी होने में हो रही देरी पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताते हुए सभी आपत्तियां निस्तारित कर तीन दिन के भीतर जीओ जारी करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कुम्भ मेले के लिए भूमि अधिग्रहण और आवंटन प्रक्रिया तत्काल शुरू करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 जून तक सभी विभागों और संस्थानों को भूमि आवंटन सुनिश्चित किया जाए और इसे कुम्भ मास्टर प्लान में शामिल किया जाए। उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं को मेला क्षेत्र में अपने कार्यालय सुदृढ़ करने और आवश्यक तैनातियां शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही अस्थायी प्रकृति के कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने को कहा। यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी, आईजी कुम्भ और डीआरएम मुरादाबाद को शीघ्र समन्वय बैठक कर रेलवे एवं सड़क मार्ग का विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। हरिद्वार, नजीबाबाद और मैंगलोर मार्गों पर एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को स्पर और जंक्शन निर्माण व मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।

आसपास के जिलों में ट्रैफिक प्लान और पार्किंग सुविधाओं के विस्तार के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने आकस्मिक यातायात योजना तैयार रखने, प्रवेश स्थलों पर पार्किंग, भोजन और शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कुम्भ क्षेत्र के पार्किंग स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए मुख्य सचिव ने पूरे कुम्भ क्षेत्र के लिए डेडिकेटेड सैनिटेशन प्लान शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।

साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित करने को कहा। मुख्य सचिव ने कुम्भ के दौरान सांस्कृतिक आयोजनों पर भी जोर देते हुए निर्देश दिए कि महत्त्वपूर्ण स्नान पर्वों को छोड़कर प्रतिदिन शाम को पौराणिक, ऐतिहासिक एवं लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके लिए संस्कृति, पर्यटन और सूचना विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में सचिव  नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय,  श्रीधर बाबू अद्दांकी,  रणवीर सिंह चौहान, मेलाधिकारी  सोनिका, आईजी कुम्भ  योगेन्द्र सिंह रावत सहित रेलवे डिवीजन मुरादाबाद के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button